जो हमें उचित भागीदारी देगा उसे हम समर्थन देंगे। ये बातें नोनिया महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो ने स्थानीय होमगार्ड मैदान में नोनिया अधिकार रैली में कही।

Team Nonia
29 Dec 2022
Politics

किसी भी पार्टी ने नोनिया समाज को कुछ नहीं दिया। उन्होंने लालू व नीतीश पर छलने का आरोप लगाते हुए सभी दलों से समाज के लोगों को चुनाव में जनसंख्या के अनुरूप टिकट देने की मांग की। मुख्य अतिथि सिपाही लाल महतो ने कहा कि पिछड़ी जातियों की राजनीति करने वाले सभी दल हमारे दुश्मन हैं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन का अनुमोदन किया गया। रैली को मोहन प्रसाद केशरी, गोनोर महतो, फूलदेव महतो, दशरथ महतो, लाल बिहारी महतो, शिव प्रसाद महतो, भगवान लाल महतो, सुखदेव प्रसाद, राजेंद्र महतो, किरण देवी महतो, लाल बाबू महतो, बिरजू महतो, राधारमण, दीपक, डॉ.लाल बाबू मेहता, बालेश्वर महतो, गरीबन महतो, कलावती महतो, चंदन कुमार आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष बिन्दा महतो ने की।

भीड़ की रही चर्चा

होमगार्ड मैदान पर नोनिया समाज के लोगों की उमड़ी भीड़ की हर तरफ चर्चा होती रही। प्रदेश के बड़े-बड़े नेताओं की रैलियों से उसकी तुलना की जा रही थी। बड़े व छोटे वाहनों में भरकर लोग आए थे। भीड़ देखकर पार्टी नेता भी उत्साहित दिखे।

बैशाखी थामे पहुंचे रैली

रैली में युवाओं के साथ महिला व बुजुर्गो की बेहतर भागीदारी रही। वे उत्साहित भी थे। करजा चट्टी के गंगा महतो दोनों हाथों में बैशाखी थामे रैली में पहुंचे थे।

महिलाओं की जब देखने की हुई चाहत

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष जब मंच पर बैठे हुए थे तो कुछ महिलाओं ने उन्हें खड़े होकर चेहरा दिखाने का आग्रह किया। इस पर वे खड़े हुए। हाथ हिलाकर उन लोगों का अभिवादन किया।

ये हैं मुख्य मांगें :

- नोनिया आयोग का गठन किया जाय

- मछुआरा आयोग में नोनिया जाति को भी शामिल किया जाय

- समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने के लिए बिहार सरकार अनुशंसा भेजे

- विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों में नोनिया छात्रावास की स्थापना हो

- सभी राजनैतिक दल समाज के लोगों को लोक सभा, राज्य सभा, विधान सभा व विधान परिषद में टिकट दे।

झलकियां :

- रेडिमेड गार्मेट्स का भूटान में व्यापार करने वाले श्रीरामपुर के गणेश प्रसाद महतो भी समाज के लोगों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।

- लोगों की भीड़ में खोमचे वालों की भी चांदी रही। जब भूख लगी तो लोगों ने गोलगप्पे व मूंगफली का आनंद लिया।

- स्थानीय नेताओं को सुनते-सुनते तंग आकर जब लोग जाने लगे तो मंच से उनसे रुकने का आग्रह बार-बार किया जाता रहा।